कम छात्र संख्या वाले विषय होंगे बंद, साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और फिजिकल एजुकेशन में कई नए कोर्स शुरू करने को मंजूरी
कम छात्र संख्या वाले विषय होंगे बंद, साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और फिजिकल एजुकेशन में कई नए कोर्स शुरू करने को मंजूरी
खबर खास | पंचकूला
हरियाणा सरकार ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए राज्य के सरकारी कॉलेजों में बड़े अकादमिक बदलावों को मंजूरी दी है। इसके तहत नए कोर्स शुरू किए जाएंगे, लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाई जाएंगी और जिन विषयों में छात्रों की संख्या लगातार कम है उन्हें चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और प्रोफेशनल स्ट्रीम के कई कोर्सों का विस्तार किया जाएगा ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें। वहीं कम नामांकन वाले कोर्सों को बंद करने का फैसला भी लिया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जिन कोर्सों में 20 से कम छात्र होंगे, उन्हें संबंधित विश्वविद्यालय की मंजूरी के बाद बंद किया जा सकता है। साथ ही कॉलेजों को नए कोर्स शुरू करने से पहले विश्वविद्यालय और AICTE जैसी नियामक संस्थाओं से अनिवार्य अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।
कई जिलों में नए कोर्स शुरू
गुरुग्राम, हिसार, महेंद्रगढ़, रोहतक और करनाल के कॉलेजों में कई नए कोर्स शुरू करने को मंजूरी दी गई है।
गुरुग्राम के गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-9 में M.Sc केमिस्ट्री और M.Sc जूलॉजी शुरू होंगे, जबकि सेक्टर-14 महिला कॉलेज में कंप्यूटर साइंस और M.Sc बॉटनी की पढ़ाई शुरू की जाएगी।
हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज हिसार में M.Sc बॉटनी, बीए हिंदी (मेजर) और बीएससी जूलॉजी कोर्स शुरू होंगे। वहीं महेंद्रगढ़ और नारनौल के कॉलेजों में M.Sc फिजिक्स, एमए हिंदी, एमए साइकोलॉजी और बीएससी मैथ्स जैसे नए विकल्प उपलब्ध होंगे।
कई कॉलेजों में फिजिकल एजुकेशन विषय की शुरुआत
सरकार ने कई कॉलेजों में फिजिकल एजुकेशन विषय शुरू करने की मंजूरी भी दी है। पंचकूला जिले के गवर्नमेंट कॉलेज मोरनी और गवर्नमेंट कॉलेज रायपुर रानी में अब फिजिकल एजुकेशन पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा अंबाला, जींद, करनाल, कैथल, फतेहाबाद और झज्जर के कॉलेजों में भी यह विषय शुरू किया जाएगा।
लोकप्रिय कोर्सों में सीटें बढ़ेंगी
कई कॉलेजों में अधिक मांग वाले कोर्सों में सीटें बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। गुरुग्राम के गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-9 में बीकॉम की 40 और एमकॉम की 10 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। वहीं जींद, कैथल और नूंह के कॉलेजों में बीएससी लाइफ साइंस और बीए कार्यक्रमों में भी सीटें बढ़ेंगी।
कम नामांकन वाले विषय होंगे बंद
सरकार ने कम छात्र संख्या वाले कुछ विषयों को बंद करने का भी फैसला लिया है। गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन करनाल में बीए पंजाबी बंद किया जाएगा। वहीं गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन हिसार में संस्कृत (अनिवार्य) और हिंदी (ऐच्छिक) विषयों को भी चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य छात्रों की मांग के अनुसार पाठ्यक्रम उपलब्ध कराना और राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026
Comments 0