स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मिलावटखोरों को दी चेतावनी, कहा— नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मिलावटखोरों को दी चेतावनी, कहा— नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने राज्य में सुरक्षित और शुद्ध खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दूध में मिलावट रोकने के लिए दो-दिवसीय विशेष मिल्क सैंपलिंग अभियान चलाया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) पंजाब द्वारा बुधवार और वीरवार को यह अभियान पूरे राज्य में संचालित किया गया। अभियान के दौरान डेयरी फार्मों, संग्रह केंद्रों, प्रोसेसिंग यूनिटों और खुदरा दुकानों से दूध के करीब 200 नमूने एकत्र किए गए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देशों तथा एफडीए पंजाब के कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ की निगरानी में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य डेयरी सप्लाई चेन में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाना था। राज्य भर में तड़के विशेष नाके लगाए गए, जहां अधिकारियों ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दूध की सप्लाई की जांच की।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए मान्यता प्राप्त स्टेट फूड लेबोरेटरी भेजा गया है। इन नमूनों की जांच मिलावट, अशुद्धता और तय गुणवत्ता मानकों की पालना को लेकर की जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि कोई भी फूड बिजनेस ऑपरेटर नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें खाद्य पदार्थों में मिलावट का कोई संदेह हो तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार मिलावटी दूध और खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
एफडीए कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ ने कहा कि विभाग केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि डेयरी संचालकों और विक्रेताओं को स्वच्छता, सही स्टोरेज और सुरक्षित हैंडलिंग के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले हफ्तों में भी पूरे पंजाब में ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि ‘सेहतमंद और रंगला पंजाब’ के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0