भगवंत मान की जापान यात्रा के बाद कंपनी ने बढ़ाया कारोबार, हर महीने 900 टन धान की पराली से तैयार होगी ऊर्जा; पंजाब में अब तक 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले
भगवंत मान की जापान यात्रा के बाद कंपनी ने बढ़ाया कारोबार, हर महीने 900 टन धान की पराली से तैयार होगी ऊर्जा; पंजाब में अब तक 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब में औद्योगिक निवेश को लेकर वैश्विक कंपनियों का भरोसा बढ़ रहा है। इसी कड़ी में जापान की प्रमुख पैकेजिंग कंपनी टॉपान स्पेशियलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (टीएसएफ) ने शहीद भगत सिंह नगर जिले के रेल माजरा स्थित अपने विनिर्माण प्लांट के विस्तार के लिए 244 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इस विस्तार से प्लांट की उत्पादन क्षमता में सालाना 19,700 टन की बढ़ोतरी होगी और 127 नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इनमें 22 पद महिलाओं के लिए होंगे।
पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उनके साथ कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक अमित जैन और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अमन अरोड़ा ने बताया कि यह निवेश पंजाब में बढ़ते औद्योगिक विश्वास और राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब को करीब 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये प्रस्ताव 10,673 कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से आए हैं, जिनसे 6.63 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार की संभावना है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच ही राज्य को 1,846 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 35,966 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का उल्लेख है।
टॉपान के रेल माजरा प्लांट में विस्तार के तहत नई थर्मल लैमिनेशन लाइन, कोटिंग लाइन और दो नए मेटलाइजर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कंपनी दो बायोमास आधारित हीटर भी स्थापित करेगी। खास बात यह है कि इन हीटरों में हर महीने करीब 900 टन धान की पराली का इस्तेमाल ईंधन के रूप में किया जाएगा। इससे फर्नेस ऑयल की खपत कम होगी और पराली को ऊर्जा के स्रोत के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। हीटर से निकलने वाली राख स्थानीय किसानों को मिट्टी सुधारक के तौर पर उपलब्ध कराई जाएगी।
अमन अरोड़ा ने बताया कि दिसंबर 2025 में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जापान यात्रा के दौरान टॉपान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बातचीत में कंपनी ने पंजाब में कारोबार बढ़ाने की इच्छा जताई थी। इसके बाद निवेश को लेकर सहमति बनी। कंपनी ने उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए इन्वेस्ट पंजाब के साथ कौशल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का समझौता भी किया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति 2026 और इन्वेस्ट पंजाब की एकल खिड़की प्रणाली के जरिए निवेशकों को सुविधाएं दी जा रही हैं। अब 20 विभागों की 300 से अधिक मंजूरियां ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे निवेशकों को पारदर्शी और आसान प्रक्रिया मिल रही है।
वहीं, अमित जैन ने बताया कि कंपनी ने मई 2026 में रोपड़ पॉलिटेक्निक में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया था। यहां आईआईटी रोपड़ और सीआईपीईटी बद्दी के सहयोग से युवाओं को प्लास्टिक प्रसंस्करण, टैली ईआरपी और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले बैच के लगभग सभी प्रशिक्षुओं को रोजगार मिल चुका है। कंपनी का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल बनाना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0