गोल्फ कोर्स रोड पर हादसे के बाद कार चालक फरार, वायरल वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने शुरू की जांच
गोल्फ कोर्स रोड पर हादसे के बाद कार चालक फरार, वायरल वीडियो के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने शुरू की जांच
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार को एक महिला बाइकर को कार से टक्कर मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइक से सड़क पर गिर गई और उनकी मोटरसाइकिल कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सिया अपनी अप्रिलिया आरएस 457 स्पोर्ट्स बाइक पर अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। सिया का आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार कुछ लोग उनकी बाइक का पीछा कर रहे थे। उनके मुताबिक, कार सवार लगातार आक्रामक तरीके से उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे।
सिया ने बताया कि कार जब उनके पास आई तो उसमें बैठे लोगों ने कथित तौर पर बदतमीजी शुरू कर दी। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने बाइक रोकने के लिए कहा। सिया का यह भी दावा है कि कार में सवार लोग नशे में दिखाई दे रहे थे। कुछ देर बाद कार आगे निकली और फिर उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
इस पूरी घटना का वीडियो सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और इसके बाद मोटरसाइकिल के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। सिया ने कार की पहचान से जुड़ी जानकारी भी सोशल मीडिया पर साझा की है। उनके मुताबिक, कार का नंबर HR30Y4949 है और पंजीकरण मालिक का नाम मनीष बताया गया है।
मामला सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो के आधार पर घटना की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस ने कहा है कि मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद यूजर्स ने महिला राइडर के समर्थन में आवाज उठाई है। कई लोगों ने कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली पुलिस, गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और हरियाणा पुलिस को टैग किया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। अब पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0