संगत ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने शुरू की जांच; ग्रंथी ने SGPC को पहले दी गई शिकायत पर उठाए सवाल
संगत ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, पुलिस ने शुरू की जांच; ग्रंथी ने SGPC को पहले दी गई शिकायत पर उठाए सवाल
खबर खास | मानसा
पंजाब के मानसा जिले के गांव बीरेवाला जट्टां स्थित एक गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के कुछ अंगों पर आपत्तिजनक और अभद्र शब्द लिखे मिलने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही संगत में भारी रोष फैल गया और लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुद्वारे के ग्रंथी गुरविंदर सिंह के अनुसार, यह कथित बेअदबी की घटना कई महीने पहले हुई थी। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले उनकी गुरुद्वारे में नियुक्ति हुई थी। उस समय उन्हें बताया गया था कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटना पहले ही हो चुकी है और इसकी शिकायत शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को भेजी जा चुकी है।
गुरविंदर सिंह ने बताया कि बुधवार को जब वह श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप की जांच कर रहे थे, तब उन्होंने कुछ अंगों पर आपत्तिजनक और अभद्र शब्द लिखे हुए देखे। इसके बाद उन्होंने पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी तरह की शंका से बचने के लिए तुरंत संगत को इसकी जानकारी दी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पहले शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
गांव के सरपंच रिक्की सिंह ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी बुधवार को गुरुद्वारा प्रबंधन समिति से मिली। उन्होंने कहा कि समिति पहले ही इस संबंध में SGPC को शिकायत भेज चुकी है और इस मामले को लेकर एक बैठक भी निर्धारित की गई है। उन्होंने मांग की कि बेअदबी की इस कथित घटना के जिम्मेदार लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दी जाए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना से स्थानीय संगत और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है तथा सभी दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0