35 गवाह, सीसीटीवी फुटेज, खून से सने कपड़े और ऑनलाइन मंगाए गए दो चाकू बने अहम सबूत; ब्रेकअप के बाद रिश्ते को दोबारा जोड़ने की कोशिश नाकाम होने पर हत्या का आरोप
35 गवाह, सीसीटीवी फुटेज, खून से सने कपड़े और ऑनलाइन मंगाए गए दो चाकू बने अहम सबूत; ब्रेकअप के बाद रिश्ते को दोबारा जोड़ने की कोशिश नाकाम होने पर हत्या का आरोप
खबर खास | मोहाली
मोहाली के चर्चित डिंपल हत्याकांड में फेज-11 थाना पुलिस ने करीब 300 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। पुलिस ने निर्धारित 90 दिन की समय सीमा के भीतर चार्जशीट पेश करते हुए मामले से जुड़े कई अहम सबूत अदालत के सामने रखे हैं। चार्जशीट में 35 गवाहों के बयान, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, खून से सने कपड़े, बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी, बातचीत के स्क्रीनशॉट और आरोपी द्वारा वारदात से पहले ऑनलाइन मंगाए गए दो चाकू शामिल हैं।
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी हरजिंदर सिंह मान और डिंपल एक ही कंपनी में काम करते थे और दोनों के वर्क स्टेशन भी एक-दूसरे के करीब थे। करीब तीन साल तक साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ समय बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। पुलिस का दावा है कि इसके बाद हरजिंदर मानसिक रूप से परेशान था और डिंपल के साथ रिश्ता दोबारा ठीक करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन दोनों के बीच बात नहीं बन सकी।
पुलिस के अनुसार 4 जून को मोहाली के फेज-11 स्थित SRP यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी के ऑफिस में शाम करीब 7:30 बजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। डिंपल कंपनी की डिस्पैच टीम में काम करती थी। जांच में सामने आया कि आरोपी उसके केबिन में पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से डिंपल पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान डिंपल जान बचाने के लिए ऑफिस में भागती रही, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा। पुलिस के मुताबिक करीब 35 सेकेंड के दौरान आरोपी ने डिंपल पर करीब 30 बार चाकू से वार किए। अचानक हुए हमले से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। डिंपल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक डिंपल पर हमला करने के बाद आरोपी हरजिंदर ने अपनी गर्दन पर भी चाकू से वार कर जान देने की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद 9 जून को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने वारदात से पहले ऑनलाइन दो चाकू मंगाए थे। पुलिस ने दोनों चाकू बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपी के खून से सने कपड़े, डिंपल के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट और बैंक खातों से संबंधित जानकारी को भी केस के अहम साक्ष्यों में शामिल किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान करीब 35 लोगों को गवाह बनाया है, जिनमें पांच चश्मदीद गवाह बताए गए हैं। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ इलेक्ट्रॉनिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी चार्जशीट का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर अब अदालत में मामले की आगे की कार्रवाई होगी।
चार्जशीट दाखिल होने के बाद केस की अगली सुनवाई अदालत में होगी। गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, बरामद हथियार और अन्य दस्तावेजी व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। आरोपी हरजिंदर सिंह मान फिलहाल रोपड़ जेल में बंद है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0