मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास की दिशा में बड़ी पहल, दो साल बाद परिवारों से मिलन का सपना हुआ पूरा
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास की दिशा में बड़ी पहल, दो साल बाद परिवारों से मिलन का सपना हुआ पूरा
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब सरकार ने बच्चों के सर्वोत्तम हितों और उनके सुरक्षित भविष्य को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों से पांच बांग्लादेशी बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके स्वदेश भेज दिया गया है, जहां अब वे अपने परिवारों के साथ फिर से जीवन की नई शुरुआत कर सकेंगे। लंबे समय से अपने परिजनों से दूर रह रहे इन बच्चों के चेहरों पर घर लौटने की खुशी साफ दिखाई दी।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि ये बच्चे वर्ष 2023 के दौरान पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र में मिले थे। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाल कल्याण समितियों के निर्देशानुसार उन्हें पंजाब के विभिन्न बाल गृहों में रखा गया, जहां उनकी देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, काउंसलिंग और समग्र विकास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिले तथा वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस न करें।
उन्होंने कहा कि बच्चों की पहचान और उनके परिवारों का पता लगाने के लिए बांग्लादेश उच्चायोग, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया गया। सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पांचों बच्चों को सुरक्षित रूप से बांग्लादेश भेजा गया, जहां उनके परिवारों से पुनर्मिलन संभव हो सका।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हर बच्चे को परिवार का प्यार, सुरक्षा और अपनापन पाने का अधिकार है। परिवार से पुनर्मिलन किसी भी बच्चे के जीवन का सबसे भावुक और यादगार क्षण होता है। उन्होंने कहा कि यह केवल पांच बच्चों की घर वापसी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भी बड़ी जीत है।
डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा भविष्य में भी ऐसे मानवीय प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0