आर्मी कैंप की बाहरी दीवार के पास विस्फोट; अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं
आर्मी कैंप की बाहरी दीवार के पास विस्फोट; अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं
खबर खास | अमृतसर
पंजाब एक बार फिर सतर्कता के माहौल में है। जालंधर की घटना के बाद अमृतसर के खासा इलाके में 5 मई की देर रात एक आर्मी कैंप के बाहर हुए जोरदार धमाके ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के निवासी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
यह घटना रात करीब 11 बजे की है, जब इलाके में अचानक एक तेज धमाका सुनाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आर्मी कैंप की बाहरी सीमा दीवार पर लगी टिन शीट्स इस विस्फोट से क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी भी तरह की जान-माल की हानि या घायल होने की खबर नहीं है।
प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। अमृतसर ग्रामीण के एसपी आदित्य वॉरियर ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और घटनास्थल से सबूत एकत्र कर लिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0