चन्नी के घर हुई बैठक पर उठे विवाद को किया खारिज, बोले- कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि, पार्टी विरोधी बयानों पर होगी कार्रवाई
चन्नी के घर हुई बैठक पर उठे विवाद को किया खारिज, बोले- कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि, पार्टी विरोधी बयानों पर होगी कार्रवाई
खबर खास । चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक को लेकर उठ रहे विवाद पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और वरिष्ठ नेताओं की बैठकों को गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
राजा वड़िंग ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में उनके घर पर कांग्रेस नेताओं की बैठक होना पूरी तरह सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की बैठकें सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के आवास पर भी हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी हाईकमान चन्नी का पूरा सम्मान करते हैं। चन्नी और केंद्रीय नेतृत्व के बीच होने वाली मुलाकातें पार्टी की सामान्य कार्यप्रणाली का हिस्सा हैं और इन्हें किसी भी तरह के आंतरिक मतभेद या गुटबाजी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
राजा वड़िंग ने खुद को भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि हाईकमान जिस भी नेता को जिम्मेदारी देगा, वह उसका पूरी निष्ठा से समर्थन करेंगे।
वड़िंग ने पार्टी अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष समेत कोई भी व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चरणजीत सिंह चन्नी या किसी अन्य वरिष्ठ नेता ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा नहीं लिया है।
हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई पूर्व विधायक या पार्टी नेता सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के खिलाफ बयान देता है या पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे ऐसे सार्वजनिक बयान देने से बचें, जिनसे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0