रिकॉर्ड्स के बादशाह को साथियों ने बताया प्रेरणा का प्रतीक, सोशल मीडिया पर उमड़ी शुभकामनाएं
रिकॉर्ड्स के बादशाह को साथियों ने बताया प्रेरणा का प्रतीक, सोशल मीडिया पर उमड़ी शुभकामनाएं
ख़बर ख़ास, खेल :
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को अपना 53वां जन्मदिन मनाया, और इस खास मौके पर पूरे क्रिकेट जगत ने उन्हें दिल से शुभकामनाएं दीं। ‘गॉड ऑफ क्रिकेट’ के नाम से मशहूर सचिन के सम्मान में खिलाड़ियों, क्रिकेट बोर्ड और फैंस ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किए।
2014 में भारत रत्न से सम्मानित तेंदुलकर का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 200 टेस्ट मैचों में 15,921 रन बनाए, जबकि 463 वनडे मुकाबलों में 18,426 रन अपने नाम किए। वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक जड़े—जिसमें 51 टेस्ट और 49 वनडे शतक शामिल हैं।
सचिन 1992 से लेकर 2011 तक वनडे वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे और आखिरकार 2011 में भारत को विश्व कप जिताने का सपना पूरा किया। 2013 में अपने 200वें टेस्ट के बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहा, जिससे भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत हो गया।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के चेयरमैन जय शाह ने सचिन को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उनके रिकॉर्ड्स को याद करते हुए उन्हें महान क्रिकेटर कहा।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी युवराज सिंह, हरभजन सिंह, इरफान पठान और शिखर धवन समेत कई दिग्गजों ने उन्हें अनुशासन, विनम्रता और समर्पण का प्रतीक बताया।
सचिन के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने भी खास अंदाज में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। वहीं मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें सम्मानित किया।
सचिन ने अपना जन्मदिन परिवार के साथ मुंबई स्थित अपने घर पर मनाया और सोशल मीडिया पर अपनी मां और पत्नी के साथ तस्वीर साझा करते हुए इसे दिन की “परफेक्ट शुरुआत” बताया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0