जाखड़ ने किया सांसदों का पार्टी में स्वागत
जाखड़ ने किया सांसदों का पार्टी में स्वागत
खबर खास, नई दिल्ली :
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल आज, शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी में शामिल करवाया।
इससे पूर्व राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी से बगावत का ऐलान करते हुए पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। राघव चड्ढा ने प्रेस कांफेंस में दावा किया था कि उनके साथ पार्टी के छह अन्य सांसदों ने भी पार्टी छोड़ दी है और अब वह भाजपा में अपना विलय करने जा रहे हैं। इनके अलावा स्वाति मालीवाल, क्रिकेटर हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, और राजेंदर गुप्ता के भी अपने साथ होने का दावा किया है। यह सभी भी जल्द ही भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं।
जाखड़ ने किया सांसदों का पार्टी में स्वागत
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि इससे जहां पंजाब में पार्टी को मजबूती मिलेगी, वहीं यह देश में सबसे कम समय सक्रिय रही आम आदमी पार्टी के पतन की शुरुआत है।
इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा, “आप के डूबते जहाज को समय रहते छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए सभी सांसदों का हार्दिक स्वागत है। आप के खराब शासन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति के कारण जहां पंजाब के लोगों का इस पार्टी से मोहभंग हो चुका है, वहीं पार्टी द्वारा जनहितों का त्याग करने के बाद इसके अंदर के अच्छे लोग भी इसे छोड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अपनी गलत नीतियों के कारण पंजाब की आप सरकार लोगों के दिलों से दूर हो चुकी है। इस अनुभवहीन सरकार के कारण आज राज्य में असुरक्षा और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं। लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। गैंगस्टरवाद और नशा हमारी युवा पीढ़ी को निगल रहे हैं। जबकि आप में रिमोट कंट्रोल की व्यवस्था अच्छे लोगों को काम नहीं करने देती और पूरा नियंत्रण एक ही केंद्र से चलाया जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0