30 अगस्त से 13 सितंबर तक होगा रोमांचक टूर्नामेंट, मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहल से पंजाब के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
30 अगस्त से 13 सितंबर तक होगा रोमांचक टूर्नामेंट, मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहल से पंजाब के युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग का सोमवार को न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शानदार शुभारंभ किया गया। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होगी और इसमें पंजाब के उभरते खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारों के साथ खेलने का सुनहरा अवसर मिलेगा। लीग के उद्घाटन अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।
टूर्नामेंट में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें 27 हाई-वोल्टेज मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक टीम के पास एक मार्की खिलाड़ी और कम से कम दो आइकन खिलाड़ी होंगे। इस लीग में शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, गुरनूर बराड़ और रमनदीप सिंह जैसे स्टार क्रिकेटर भी खेलते नजर आएंगे। कार्यक्रम के दौरान लीग का आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय टीम तक पहुंचने का शानदार मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से देश को बेहतरीन क्रिकेटर देता आया है और यह लीग भविष्य के नए सितारों को सामने लाने में अहम भूमिका निभाएगी।
पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी सोच के तहत शुरू की गई यह लीग पंजाब के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके खेल में तेजी से निखार आएगा। वहीं पीसीए अध्यक्ष अमरजीत सिंह महिता ने विश्वास जताया कि यह टूर्नामेंट आने वाले वर्षों में देश की प्रमुख घरेलू टी-20 लीगों में अपनी पहचान बनाएगा।
उल्लेखनीय है कि लीग की खिलाड़ी नीलामी 9 अगस्त को आयोजित होगी, जिसमें अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी टीमें चुनेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी अधिकतम 20 खिलाड़ियों को शामिल कर सकेगी और खिलाड़ियों पर 45 लाख रुपये तक खर्च कर पाएगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह लीग न केवल पंजाब के युवा खिलाड़ियों के लिए करियर का बड़ा मंच बनेगी, बल्कि राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0