भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीदों से बाजार में उत्साह; रुपये में भी मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर निवेशकों की नजर
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीदों से बाजार में उत्साह; रुपये में भी मजबूती, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर निवेशकों की नजर
खबर खास | नई दिल्ली
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी बढ़त दर्ज की गई।
बीएसई का सेंसेक्स 665.10 अंक उछलकर 74,518 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई का निफ्टी 50 188.40 अंक बढ़कर 23,077.35 पर कारोबार करने लगा। इस तेजी के साथ निफ्टी ने 23,000 का अहम स्तर पार कर लिया।
रुपये में मजबूती, प्रमुख कंपनियों के शेयर चढ़े
भारतीय रुपये में भी मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत होकर 94.73 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
प्रमुख कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। इन शेयरों में तेजी से बाजार में सकारात्मक रुख को समर्थन मिला।
इससे पहले सोमवार को पिछले कारोबारी सत्र में निफ्टी 50 में 257 अंकों यानी 1.11 प्रतिशत की गिरावट आई थी और यह 22,889 पर बंद हुआ था।
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता से बाजार को उम्मीद
बाजार में बुधवार की तेजी के पीछे भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में प्रगति की उम्मीदों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी शेयर बाजार के लिए चुनौती बनी रह सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.43 प्रतिशत बढ़कर 110.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि से महंगाई और भारत के आयात बिल को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं।
वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेत
अमेरिकी वायदा बाजार में डाउ जोन्स फ्यूचर्स 0.05 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में 0.28 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके विपरीत, नैस्डैक फ्यूचर्स में 0.02 प्रतिशत की गिरावट आई। इससे वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले।
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ पर भी नजर
इस बीच, निवेशकों की बहुप्रतीक्षित जियो प्लेटफॉर्म्स की आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) बुधवार, 21 अक्टूबर को अभिदान के लिए खुल गई। बाजार में इस आईपीओ को लेकर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है।
इसके अलावा, कंपनियों के चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों का मौसम भी जारी है। निवेशक इन नतीजों पर नजर रख रहे हैं, क्योंकि इनसे आने वाले दिनों में शेयर बाजार की दिशा तय होने के संकेत मिल सकते हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0