तेज़ रफ्तार i20 कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दोनों की मौके पर मौत; आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
तेज़ रफ्तार i20 कार ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, दोनों की मौके पर मौत; आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
खबर खास | फरीदकोट
पंजाब के फरीदकोट जिले के मेहमूआना गांव के पास बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब मृतक 19 वर्षीय गुरप्रीत सिंह और जशनप्रीत सिंह काम के लिए फरीदकोट जा रहे थे। दोनों युवक मेहमूआना गांव के रहने वाले थे और मजदूरी का काम करते थे।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि दोनों युवक उस सुबह रोज़ाना से थोड़ा पहले घर से निकले थे। जैसे ही वे गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज़ रफ्तार हुंडई i20 कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक कई मीटर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन सहायता पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0