लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच के दौरान 491 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त, तस्करी के आरोप में यात्री गिरफ्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच के दौरान 491 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त, तस्करी के आरोप में यात्री गिरफ्तार
ख़बर ख़ास | वाराणसी
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। डीआरआई की टीम ने शारजाह से वाराणसी पहुंची फ्लाइट से एक भारतीय यात्री के पास से करीब 70 लाख रुपये मूल्य का 491.290 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया है। जांच एजेंसी ने सोना जब्त कर आरोपी यात्री को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शारजाह से आने वाली एक फ्लाइट में एक यात्री अवैध तरीके से सोना लेकर वाराणसी पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर एयरपोर्ट पर विशेष निगरानी बढ़ाई गई और विमान के पहुंचने के बाद यात्रियों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान डीआरआई अधिकारियों को एक यात्री पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उसकी सीट के नीचे छुपाकर रखा गया पेस्ट कंपाउंड के रूप में सोना बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि सोने को इस तरह छिपाया गया था ताकि सुरक्षा जांच के दौरान उसे आसानी से पकड़ा न जा सके। बरामद सोने की जांच में इसकी शुद्धता 24 कैरेट पाई गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान यात्री बरामद सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद डीआरआई ने सोने को जब्त करते हुए यात्री को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि डीआरआई इससे पहले भी सोना तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। 23 जुलाई को डीआरआई ने बिहार से नई दिल्ली जा रही एक महिला यात्री के पास से करीब 4.98 किलोग्राम सोना बरामद किया था। जांच में सामने आया था कि यह सोना बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.11 करोड़ रुपये बताई गई थी।
एजेंसी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मार्गों से होने वाली सोने की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एयरपोर्ट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0