खेलों को बढ़ावा देकर नशे के खिलाफ बड़ी पहल, सतौज में बनेगा वर्ल्ड-क्लास स्पोर्ट्स हब
खेलों को बढ़ावा देकर नशे के खिलाफ बड़ी पहल, सतौज में बनेगा वर्ल्ड-क्लास स्पोर्ट्स हब
ख़बर ख़ास | संगरूर
संगरूर में युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और राज्य को स्वस्थ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के सीएम मान ने ₹14.63 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम की आधारशिला रखी। यह अत्याधुनिक स्टेडियम उनके पैतृक गांव सतौज में 4.38 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जो क्षेत्र के लिए खेल और फिटनेस का नया केंद्र बनेगा।
सीएम मान ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में 200 मीटर का एथलेटिक ट्रैक, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए पवेलियन तथा मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस स्टेडियम में बैडमिंटन, हैंडबॉल, जूडो, नेटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, जिम्नास्टिक्स, कबड्डी और कराटे सहित कई खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सीएम ने कहा कि यहां युवाओं को प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
सीएम मान ने जोर देते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देना नशे के खिलाफ लड़ाई में एक प्रभावी हथियार साबित होगा। उन्होंने कहा कि अच्छे स्कूल और उचित खेल मैदान बच्चों को न केवल शिक्षा में बल्कि खेलों में भी उत्कृष्टता हासिल करने का अवसर देते हैं, जिससे वे अपने गांव, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
सीएम मान ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार युवाओं के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस तरह की परियोजनाएं राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्टेडियम क्षेत्र को एक प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करेगा और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में मोड़ते हुए ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0