पंजाब सरकार सभी 23 जिलों के गांवों में 3 लाख सोलर LED स्ट्रीट लाइटें लगाएगी
पंजाब सरकार सभी 23 जिलों के गांवों में 3 लाख सोलर LED स्ट्रीट लाइटें लगाएगी
खबर खास | चंडीगढ़
पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री अमन अरोड़ा ने घोषणा की है कि पंजाब सरकार राज्य के सभी 23 जिलों के गांवों में 3 लाख LED आधारित सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाएगी। इस परियोजना पर करीब 470 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पंजाब भवन में सात चयनित एजेंसियों को वर्क ऑर्डर जारी करने के बाद अमन अरोड़ा ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और स्वच्छ ऊर्जा की पहुंच को मजबूत करना है। संशोधित फंडिंग मॉडल के तहत परियोजना की 70 प्रतिशत लागत राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि 30 प्रतिशत योगदान ग्राम पंचायतों का होगा। इससे पंचायतों पर वित्तीय बोझ कम होगा।
परियोजना को पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (PEDA) द्वारा लागू किया जाएगा। PEDA मौजूदा सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव की भी निगरानी करेगी। इसके साथ ही रखरखाव की अवधि को 5 वर्ष से बढ़ाकर 7 वर्ष कर दिया गया है।
पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक स्ट्रीट लाइट को जियो-टैग किया जाएगा। इन्हें QR कोड और IVRS आधारित शिकायत प्रणाली से जोड़ा जाएगा तथा रिमोट मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी होगी। किसी भी खराबी को स्वचालित रखरखाव प्रणाली के माध्यम से 72 घंटे के भीतर ठीक करने का प्रावधान किया गया है।
स्ट्रीट लाइट लगाने में गांवों की सड़कों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, धार्मिक स्थलों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह योजना ऑप्ट-इन आधार पर लागू होगी, जिसके तहत ग्राम पंचायतें अपनी स्थानीय जरूरत के अनुसार लाइटों की संख्या और प्रकार का चयन कर सकेंगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि यह पहल सूर्यास्त के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और पंजाब के ग्रामीण विकास के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0