CCTV में साथ नजर आए नर-मादा धामन, करीब 8 फीट लंबे नर सांप को सुरक्षित पकड़ा गया; गौरी खान भी घर में थीं मौजूद
CCTV में साथ नजर आए नर-मादा धामन, करीब 8 फीट लंबे नर सांप को सुरक्षित पकड़ा गया; गौरी खान भी घर में थीं मौजूद
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बांद्रा स्थित बंगले ‘मन्नत’ में नाग पंचमी के दिन उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में सांपों का एक जोड़ा नजर आया। CCTV कैमरों में एक नर और एक मादा सांप साथ दिखाई दिए। सूचना मिलने के बाद स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने करीब आठ फीट लंबे नर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया, जबकि मादा सांप अब तक नहीं मिल पाई है।
स्नेक रेस्क्यूअर विक्की दुबे के मुताबिक, सोमवार 17 अगस्त की शाम करीब आठ बजे उन्हें ‘मन्नत’ से फोन आया था। सूचना मिलने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर CCTV फुटेज की जांच की। कैमरों में एक नहीं, बल्कि दो सांप दिखाई दिए, जिनमें एक नर और दूसरी मादा थी। दोनों कुछ समय तक एक साथ नजर आए।
रेस्क्यूअर के अनुसार, कुछ देर बाद मादा सांप बंगले के अंदर की ओर चली गई, जबकि नर सांप रोशनी वाली जगह पर आकर बैठ गया। CCTV के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और उचित मौका मिलने पर उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू किया गया सांप करीब आठ फीट लंबा था और उसकी पहचान ‘धामन’ के रूप में हुई है। धामन को इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है और यह जहरीला सांप नहीं होता।
विक्की दुबे ने बताया कि रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती मादा सांप को तलाशना थी। उनके मुताबिक, मादा बंगले के अंदर की ओर चली गई थी और काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। रेस्क्यू किया गया नर सांप बाद में सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
घटना के समय ‘मन्नत’ में करीब सात लोग मौजूद थे। घर के स्टाफ के साथ पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद थे। बताया गया कि गौरी खान भी उस समय बंगले में मौजूद थीं। सांपों के दिखाई देने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले CCTV फुटेज से उनकी स्थिति का पता लगाया गया और फिर सुरक्षित रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल मादा सांप की तलाश जारी है। रेस्क्यू टीम का कहना है कि यदि दोबारा सांप दिखाई देता है या बंगले की ओर से मदद के लिए संपर्क किया जाता है, तो टीम मौके पर पहुंचकर उसे भी सुरक्षित रेस्क्यू करेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0