चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला; पुलिस ने शुरू की जांच
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला; पुलिस ने शुरू की जांच
बठिंडा के बीबीवाला रोड पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी स्कूल की वैन में अचानक आग लग गई। हादसे के वक्त वैन में करीब 35 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते इंजन से धुआं निकलता देख वैन रोक दी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ घर ले गए।
जानकारी के मुताबिक, बीबीवाला गांव स्थित एक निजी स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। जैसे ही वैन बीबीवाला रोड पर पहुंची, उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक बब्बू ने बिना देर किए वैन को सड़क किनारे रोका और बच्चों को पीछे की तरफ जाने के लिए कहा। देखते ही देखते वैन में आग फैलने लगी और अंदर धुआं भर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता और उनकी टीम स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची। लोगों ने तेजी से बच्चों को वैन से बाहर निकालकर पास के एक कमरे में सुरक्षित बैठाया। वैन में धुआं अधिक भर जाने पर कुछ लोगों ने उसके शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकाला।
चालक ने वैन में रखे अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। वहीं, आसपास के दुकानदार भी अग्निशमन सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने में मदद की। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पीसीआर टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पीसीए अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने बताया कि वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। चालक बब्बू के मुताबिक, इंजन से धुआं निकलते ही उसने तुरंत वैन रोककर बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकांश अभिभावक मौके पर पहुंचकर अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए। समय रहते दिखाई गई चालक और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0