इंस्टाग्राम रील वायरल करने के लिए युवक ने कार की बॉडी पर बनवाए हजारों लिपस्टिक मार्क, तेज रफ्तार में वीडियो बनाने पर यातायात पुलिस ने की कार्रवाई
इंस्टाग्राम रील वायरल करने के लिए युवक ने कार की बॉडी पर बनवाए हजारों लिपस्टिक मार्क, तेज रफ्तार में वीडियो बनाने पर यातायात पुलिस ने की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर रील को वायरल करने की चाह में ग्वालियर के एक युवक ने अपनी कार को ही अनोखे वीडियो का हिस्सा बना दिया। युवक की महिला मित्र ने कार की पूरी बॉडी पर करीब 3,400 बार किस कर लिपस्टिक के निशान बना दिए। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। रील देखते ही देखते वायरल हो गई और एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिल गए। हालांकि वीडियो में कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती दिखाई दी, जिसके बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5,500 रुपये का चालान काट दिया।
ग्वालियर यातायात पुलिस के मुताबिक कार का नंबर MP 07 CC 9452 है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कार की पूरी बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के निशान साफ नजर आ रहे थे। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार की तलाश शुरू की और उसे थाटीपुर इलाके में ट्रेस कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार को कब्जे में लेकर यातायात थाने पहुंचाया और उसके मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया।
पूछताछ के दौरान आदित्य ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसकी महिला मित्र ने बनाए थे। उसके मुताबिक, कार खड़ी थी और उसकी बॉडी पर करीब 3,400 किस किए गए थे। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे। इसके बाद कार का वीडियो तैयार कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया। युवक का कहना था कि उसका उद्देश्य कुछ अलग तरह की रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा वायरल करना था। उसकी यह कोशिश सफल भी रही और वीडियो को करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।
हालांकि वायरल वीडियो में यातायात नियमों की अनदेखी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद उसने थाने में कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के सभी निशान पानी से साफ किए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने उस पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने कहा कि सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर वाहन चलाते समय किसी भी तरह का जोखिम न लें और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन करें।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0