कहा, अंबाला छावनी बनेगा एयर कनेक्टिविटी हब, ऑफ-एयरपोर्ट कार्गाे टर्मिनल की भी तैयारी
कहा, अंबाला छावनी बनेगा एयर कनेक्टिविटी हब, ऑफ-एयरपोर्ट कार्गाे टर्मिनल की भी तैयारी
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में निर्मित डोमेस्टिक एयरपोर्ट का उद्घाटन शीघ्र किया जाएगा। इस संबंध में आज हरियाणा सिविल विमानन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में एयरपोर्ट के शेष छोटे-मोटे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम गठित कर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया जाए, ताकि तकनीकी रूप से लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने सीसीटीवी इंस्टॉलेशन, कंट्रोल रूम की स्थापना, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं, ऑनलाइन यूपीएस, छोटे सिविल कार्य एवं कार्यालय की आवश्यकताओं से जुड़े अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, स्टाफ एवं वाहनों की उपलब्धता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। वही, दूसरी ओर श्री विज ने अधिकारियांे को कार्गों की सुविधा के लिए ऑफ-एयरपोर्ट एयर टर्मिनल स्थापित करने के संबंध में भी निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अंबाला छावनी एक प्रमुख जंक्शन है और यहां से हवाई सेवाएं शुरू होने पर आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल, करनाल और पानीपत सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के भीतर स्थित होने के कारण यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
विज ने बताया कि अंबाला से अयोध्या के लिए प्रस्तावित उड़ान को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है और उड़ान शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है। इसके अलावा, श्री विज ने बताया कि अंबाला से श्रीनगर रूट पर एक कंपनी को कार्य दिया जा रहा है जबकि अंबाला-लखनऊ इत्यादि शहरों के लिए विभिन्न एयरलाईन कंपनियों ने आवेदन किया है जिस पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, इस डोमेस्टिक एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बैठक से पूर्व विज ने डोमेस्टिक एयरपोर्ट, अंबाला छावनी का निरीक्षण किया तथा पीडब्ल्यूडी और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यात्रियों की सुविधाओं-जैसे आवागमन, खान-पान, बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग और लगाए गए उपकरणों, जिनमें बैगेज स्कैनर आदि शामिल हैं, की जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि इस डोमेस्टिक एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अंबाला छावनी एयरफोर्स स्टेशन के निकट रक्षा मंत्रालय से लगभग 20 एकड़ भूमि 133 करोड़ रुपये में प्राप्त की गई। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट का बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है तथा आवश्यक उपकरण स्थापित किए गए हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0