आम आदमी पार्टी ने कहा लोकतंत्र की हत्या कर नॉन भाजपा सरकारों को किया जा रहा तंग
आम आदमी पार्टी ने कहा लोकतंत्र की हत्या कर नॉन भाजपा सरकारों को किया जा रहा तंग
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब में आप सरकार के प्रभावशाली मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत कई जगहों पर शुक्रवार सुबह ईडी ने दबिश दी। जांच एजेंसी की टीमें सुबह ही लुधियाना स्थित उनके घर पहुंची। इसके बाद उनके घर पर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया ताकि कोई अंदर या बाहर न जा सके। हालांकि जिस वक्त यह रेड हुई तब मंत्री अरोड़ा घर पर नहीं थे। लुधियाना में उनके अलावा रियल एस्टेट कारोबारी और मंत्री अरोड़ा के करीबी हेमंद सूद व चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर भी ईडी पहुंची। आम आदमी पार्टी ने इन छापों को लोकतंत्र की हत्या कर नॉन भाजपा सरकारों को तंग करने का आरोप लगाया।
ईडी टीमें मंत्री अरोड़ा और उनके पार्टनर्स के लुधियाना, जालंधर, गुरुग्राम और चंडीगढ़ स्थित कुल 13 ठिकानों पर जांच कर रही हैं। कहा जा रहा है कि संजीव अरोड़ा पर यह छापेमारी जमीन के सौदे को लेकर हुई है। ईडी को शक है कि अरोड़ा ने सूद के साथ मिल हैम्पटन होम्स वाली जमीन का सीएलयू यानि चेंज ऑफ लैंड यूज गलत तरीके से किया। इस व्यापारिक जमीन को आवासीय में बदला गया।
वहीं, मंत्री अरोड़ा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि ' मैं देश का जिम्मेदार नागरिक हूं और एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा। मुझे विश्वास है कि सच्चाई सामने आएगी।'
गौर रहे कि एक दिन पहले ही ईडी ने आप के सांसद और लवली ग्रुप के मालिक अशोक मित्तल के जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम के ठिकानों पर दबिश दी और तकरीबन 24 घंटे तक उनके घर और अन्य जगहों को खंगाला था। इससे पहले 2024 में भी संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी मामले की जांच को लेकर ईडी ने छापेमारी की थी।
लोकतंत्र का गला धीरे-धीरे काटा जा रहा, बोले सीएम मान
वहीं, इस रेड़ पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता कर कहा कि बीते कुछ समय से लोकतंत्र का गला धीरे-धीरे काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नॉन बीजेपी सरकारों को तंग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डराने-धमकाने की राजनीति जारी है। मान ने कहा कि भाजपा लोगों से नहीं बल्कि सीबीआई, ईडी, चुनाव आयोग या डराने वाले दफ्तरों के जरिए चुनाव जीतती है। उन्होंने कहा कि वह कहना चाहते हैं कि 2027 की तैयारी करनी है तो लोगों के बीच जाकर करो, ईडी या सीडी से नहीं।
राघव चड्ढा अब गवाह बने, सारे कारनामे बाहर आएंगे, रवनीत बिट्टू
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मंत्री संजीव पर ही सवालिया निशान लगा दिए। उन्होंने अपनी पोस्ट पर लिखा, सब फडे़ जाणंगे। बिट्टू ने कहा कि
संजीव अरोड़ा को इंडस्ट्रियल प्लाट मिले थे ताकि वो इंडस्ट्री लगाएं और लोगों को रोजगार दें। मगर उन्होंने उन प्लाटों को कॉमर्शियल कर दिया और वहां पर बड़े-बड़े टॉवर खड़े कर दिए और फ्लैट बेच दिए। बिट्टू ने कहा कि राघव चड्ढा अब गवाह बना है। इनके सभी कारनामे बाहर आएंगे। राघव चड्ढा पर सभी ने मिलकर अटैक किया। मुख्यमंत्री से लेकर केजरीवाल तक सभी ने उसे घेरा। सीबीआई और ईडी सरकार के अधीन नहीं हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0