बैरिकेड हटाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी, ट्रैफिक भी प्रभावित
बैरिकेड हटाकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी, ट्रैफिक भी प्रभावित
खबर खास | चंडीगढ़
खडूर साहिब से सांसद और जेल में बंद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के समर्थन में बुधवार को आयोजित विरोध मार्च के दौरान उनके समर्थकों और चंडीगढ़ पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। यह प्रदर्शन अकाली दल (वारिस पंजाब दे) की ओर से आयोजित किया गया था।
प्रदर्शनकारियों को चंडीगढ़ में प्रवेश से रोकने के लिए पुलिस ने शहर की सीमा पर बैरिकेड लगाए थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाकर सड़क से फेंक दिए और आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
वाटर कैनन की कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों की पगड़ियां उतर गईं। वहीं कुछ प्रदर्शनकारियों ने वाटर कैनन के नोजल को पुलिस की ओर मोड़ने की भी कोशिश की। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी चंडीगढ़ की ओर बढ़ते रहे।
प्रदर्शनकारी अब सेक्टर-2 स्थित पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आधिकारिक आवास की ओर बढ़ रहे हैं, जहां वे घेराव करने की योजना बना रहे हैं। उनका मुख्य मांग अमृतपाल सिंह की रिहाई है। अमृतपाल सिंह इस समय असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
इस विरोध प्रदर्शन का असर चंडीगढ़-मोहाली क्षेत्र के यातायात पर भी देखने को मिला। अधिकारियों के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर-45 गौशाला से मोहाली फेज-8 को जोड़ने वाली सड़क पर भारी जाम लग गया, जिससे आम यात्रियों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पार्टी नेता एवं विधायक मनप्रीत अयाली ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए थे और उनका किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह जनता द्वारा चुने गए सांसद हैं और उनकी लगातार हिरासत के कारण वह अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0