सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी में ड्राइवरों से कमीशन नहीं लिया जाएगा; यात्रियों को बिना सर्ज प्राइसिंग के पारदर्शी किराया और बेहतर सुरक्षा सुविधाएं मिलेंगी
सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी में ड्राइवरों से कमीशन नहीं लिया जाएगा; यात्रियों को बिना सर्ज प्राइसिंग के पारदर्शी किराया और बेहतर सुरक्षा सुविधाएं मिलेंगी
खबर खास | चंडीगढ़
चंडीगढ़ में शुक्रवार से सहकारी मॉडल पर आधारित राइड-हेलिंग सेवा भारत टैक्सी शुरू होने जा रही है। इसका शुभारंभ सेक्टर-9 स्थित नए यूटी सचिवालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
डिजिटल लॉन्च के बाद भारत टैक्सी की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर चंडीगढ़ में सेवा की शुरुआत की जाएगी। यह शुरुआत ऐसे समय हो रही है, जब चंडीगढ़ प्रशासन ने कुछ दिन पहले प्रमुख ऐप आधारित कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं के एग्रीगेटर लाइसेंस 6 महीने के लिए निलंबित कर दिए हैं। इनमें Ola, Uber, Rapido और InDrive शामिल हैं।
यह कार्रवाई स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) ने टैक्सी और कैब ड्राइवरों के चल रहे विरोध के बीच की है। ड्राइवर करीब 100 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और पिछले दो सप्ताह से भूख हड़ताल भी जारी है।
दिसंबर 2025 में दिल्ली से हुई थी शुरुआत
भारत टैक्सी की शुरुआत सबसे पहले 2 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में की गई थी। इसे निजी राइड-हेलिंग कंपनियों के विकल्प के रूप में सहकारी परिवहन प्लेटफॉर्म के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें ड्राइवरों को केवल सेवा देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के हितधारक के रूप में शामिल करने का मॉडल अपनाया गया है।
ड्राइवरों से नहीं लिया जाएगा कमीशन
भारत टैक्सी की प्रमुख खासियत यह है कि ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा। किराए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर होगी। ऐप में कंपनी वॉलेट की व्यवस्था भी नहीं है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। यानी मांग बढ़ने पर किराया अचानक बढ़ने की व्यवस्था नहीं होगी और यात्रियों को अपेक्षाकृत पारदर्शी व स्थिर किराया मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार, भारत टैक्सी का किराया कई मौजूदा राइड-हेलिंग सेवाओं की तुलना में 30% तक कम हो सकता है। यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क और डायनेमिक प्राइसिंग से भी राहत मिलेगी, जिससे यात्रा का खर्च पहले से समझना आसान होगा।
महिलाओं की सुरक्षा पर भी जोर
भारत टैक्सी में यात्रियों की सुरक्षा, खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। यात्री ऐप के हेल्प और सपोर्ट सेक्शन के जरिए शिकायत दर्ज करा सकेंगे। महिला यात्री ‘बाइक दीदी’ पहल के तहत महिला ड्राइवर का विकल्प भी चुन सकेंगी। फिलहाल 150 से ज्यादा महिला ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ी हैं।
इसके अलावा ऐप में आसानी से राइड बुक करने, वाहन की रियल टाइम लोकेशन ट्रैक करने और यात्रियों के लिए दुर्घटना एवं बीमा कवरेज जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
दिल्ली के बाद चंडीगढ़, अब दूसरे शहरों में विस्तार
भारत टैक्सी को दिल्ली और चंडीगढ़ के बाद जयपुर और राजकोट जैसे शहरों में भी विस्तार दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में सहकारी राइड-हेलिंग मॉडल को विस्तार देने की दिशा में भी काम चल रहा है।
भारत टैक्सी का ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। यात्री मोबाइल नंबर या ईमेल के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वहीं ड्राइवरों को प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन से संबंधित दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0