मॉनसून ट्रफ और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दिल्ली-NCR में अगले कई दिनों तक बारिश के आसार, तापमान में भी रहेगी गिरावट
मॉनसून ट्रफ और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से दिल्ली-NCR में अगले कई दिनों तक बारिश के आसार, तापमान में भी रहेगी गिरावट
ख़बर ख़ास | नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को बुधवार को भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह से दोपहर तक कुछ इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि शाम और रात के समय एक बार फिर बारिश का दौर लौटने की संभावना है।
IMD के अनुसार, मौजूदा समय में सक्रिय मॉनसून ट्रफ, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मिलकर दिल्ली-एनसीआर के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इन मौसमी प्रणालियों के कारण राजधानी में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, पूरे दिन दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
IMD के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह तक दिल्ली-एनसीआर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 30 जुलाई को दिन में हल्की से मध्यम बारिश और रात में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 31 जुलाई से 2 अगस्त तक रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि 3 अगस्त को सुबह से दोपहर के दौरान कई इलाकों में फिर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को हुई तेज मॉनसूनी बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी थी। कई प्रमुख सड़कों और बाजारों में जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। IMD के मुताबिक मंगलवार इस वर्ष का अब तक का सबसे अधिक बारिश वाला दिन रहा, जबकि जुलाई महीने के दौरान पिछले तीन वर्षों में सबसे ठंडा दिन भी दर्ज किया गया। सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 57.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पूसा क्षेत्र में इसी अवधि के दौरान सबसे अधिक 88.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इससे साफ है कि राजधानी में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में भी बारिश लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0