16 वर्षीय किशोर भी शामिल, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों गंगनहर की तेज धारा में समा गए
16 वर्षीय किशोर भी शामिल, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों गंगनहर की तेज धारा में समा गए
कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार गए चंडीगढ़ के चार दोस्तों की शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय एक युवक गहरे पानी में फिसल गया। उसे बचाने के लिए उसके तीन दोस्त भी नहर में कूद पड़े, लेकिन गंगनहर की तेज धारा और दलदली तल में फंसने के कारण चारों बह गए।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचे थे। नहर में स्नान करते समय एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन दोस्तों ने भी बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी।
हालांकि, गंगनहर की तेज धारा, अधिक गहराई और कीचड़युक्त दलदली तल के कारण चारों अपना संतुलन नहीं बना सके और पानी के तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16 वर्ष), नितीश, भरत और रोहित के रूप में हुई है। चारों चंडीगढ़ के सेक्टर-26 के निवासी थे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यह हादसा ऐसे स्थान पर हुआ, जिसे प्रशासन ने अधिकृत स्नान घाट घोषित नहीं किया है। वहां पहले से ही चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि नहर के दलदली तल में फंस जाने के कारण युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे उन्हें बचाना बेहद कठिन हो गया।
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत स्नान घाटों पर ही स्नान करें और प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0