तीन मंजिला मकान गिरने से दो महिलाओं की गई जान, दो मासूम बच्चियां मलबे में दबकर घायल
तीन मंजिला मकान गिरने से दो महिलाओं की गई जान, दो मासूम बच्चियां मलबे में दबकर घायल
खबर खास | राजगढ़ (सिरमौर)
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बुधवार को भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजगढ़ में लगातार हो रही बारिश के कारण तीन मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में 60 वर्षीय महिला और उसकी गर्भवती विवाहित बेटी की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चियां घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान भीम सिंह की पत्नी निर्मला (60) और अमित राणा की पत्नी पूजा (32) के रूप में हुई है। पूजा अपने मायके आई हुई थी। दोनों महिलाओं को सिविल अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार हादसा बुधवार दोपहर डिडाग पंचायत के छिछाड़ीधार गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण जमीन धंसने लगी, जिसके चलते भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया।
हादसे के समय निर्मला, उनकी बेटी पूजा और करीब डेढ़ साल की दो बच्चियां मकान के अंदर मौजूद थीं। मकान गिरने के बाद चारों मलबे में दब गईं।
घायल बच्चियों की पहचान एरा और अबियाना के रूप में हुई है। एरा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए सोलन अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, अबियाना का इलाज राजगढ़ सिविल अस्पताल में चल रहा है।
मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सरकारी राहत टीमों के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे ने हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में अस्थिर जमीन से पैदा होने वाले खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मकान गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा शुरू
November 17, 2026
Comments 0