हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गार्ड रूम के पास तेज रफ्तार ट्रेलर बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया; हादसे के बाद फरार चालक गिरफ्तार
हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गार्ड रूम के पास तेज रफ्तार ट्रेलर बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया; हादसे के बाद फरार चालक गिरफ्तार
खबर खास | लुधियाना
लुधियाना-बठिंडा हाईवे पर हलवारा स्थित भारतीय वायुसेना स्टेशन के मुख्य गार्ड रूम के पास देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार 16 पहियों वाले ट्रेलर ने पीछे से दंपती की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटता ले गया।
मृतका की पहचान ममता देवी और घायल पति की पहचान जीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों सुधर बाजार के पास अकालगढ़ स्थित न्यू आबादी, अब्बूवाल रोड के निवासी थे। दंपती बाजार से सब्जियां और घर के लिए जरूरी सामान खरीदकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, जब दंपती हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गार्ड रूम के पास सड़क के कट से मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से जीत सिंह ने किसी तरह वाहन की व्यवस्था की और खून से लथपथ अपनी पत्नी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ममता देवी को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि ममता देवी परिवार की आर्थिक मदद के लिए सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती थीं। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है। उनके दो बेटों के सिर से मां का साया उठ गया है।
सुधर थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान राजस्थान के सरदूलगढ़ के वार्ड नंबर-3 निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल 16 पहियों वाले ट्रेलर को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, ममता देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0