अहमदाबाद से पहुंचे अरुण हरयाणी ने शरीर पर तिरंगा बनाकर मनाया स्वतंत्रता दिवस, बोले- कश्मीर में विकास के साथ बढ़ रहा प्यार और भाईचारा
अहमदाबाद से पहुंचे अरुण हरयाणी ने शरीर पर तिरंगा बनाकर मनाया स्वतंत्रता दिवस, बोले- कश्मीर में विकास के साथ बढ़ रहा प्यार और भाईचारा
देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक लाल चौक पर भी आजादी के पर्व का अलग ही रंग देखने को मिला। गुजरात के अहमदाबाद से पहुंचे पर्यटक अरुण हरयाणी ने अपने शरीर को तिरंगे के रंगों में रंगकर हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामा और पूरे गर्व के साथ उसे लहराया। उनका यह अंदाज लाल चौक पर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
एएनआई से बातचीत में अरुण हरयाणी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह हर साल कश्मीर आते हैं और हर बार यहां बदलाव और विकास को महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि अब कश्मीर तक वंदे भारत ट्रेन पहुंच रही है और चिनाब ब्रिज जैसी बड़ी परियोजनाएं यहां के विकास की नई तस्वीर पेश कर रही हैं।
अरुण हरयाणी ने कहा कि वह कश्मीर में शांति और भाईचारे का संदेश लेकर आते हैं। उनके मुताबिक कश्मीर लगातार तरक्की कर रहा है और यहां उन्हें लोगों से बहुत प्यार मिल रहा है। उन्होंने भारत में 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री ने परेड की सलामी ली। उनका राष्ट्र के नाम संबोधन करीब 76 मिनट तक चला, जिसमें उन्होंने देश की उपलब्धियों, विकास और भविष्य की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया और उनके लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, कौशल विकास और खेलों के क्षेत्र में युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा। इसके साथ ही युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का नेटवर्क विकसित करने और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता न करना पड़े।
खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए भी प्रधानमंत्री ने बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि 5 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों में छिपी खेल प्रतिभा को तलाशने के लिए गांव-गांव और स्कूल-स्कूल टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के कोने-कोने से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता है और उन्हें सही संसाधन, कौशल तथा अवसर देकर देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में नेतृत्व करने वाला सक्षम वर्ग बनाना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0