कॉपर और अन्य कच्चे माल की बढ़ी लागत का असर, 1 अक्टूबर से नई कीमतें लागू होने का दावा; त्योहारी बिक्री पर पड़ सकता है असर
कॉपर और अन्य कच्चे माल की बढ़ी लागत का असर, 1 अक्टूबर से नई कीमतें लागू होने का दावा; त्योहारी बिक्री पर पड़ सकता है असर
दिवाली और धनतेरस से पहले इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ग्राहकों को महंगाई का झटका लगा है। कॉपर वायर समेत अन्य कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते एसी, एलईडी टीवी, फ्रिज और स्विच जैसे विद्युत उपकरणों के दाम में 15 फीसदी तक इजाफा होने की बात सामने आई है। कारोबारियों के मुताबिक नई कीमतों का असर 1 अक्टूबर से बाजार में दिखाई देने लगेगा।
कच्चे माल की बढ़ती लागत के कारण इस साल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है। आगरा इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के अनुसार, कंपनियों ने तांबा, एल्युमिनियम और कच्चे तेल समेत कई जरूरी कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जिसका सीधा असर इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की लागत पर पड़ रहा है।
आगरा के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों बेलनगंज, शाह मार्केट और हींग की मंडी में भी इसका असर दिखाई देने लगा है। कारोबारियों का कहना है कि कीमतें बढ़ने के बाद ग्राहक खरीदारी को लेकर पहले की तुलना में अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं। त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने की उम्मीद के बीच कीमतों में यह बढ़ोतरी कारोबारियों के लिए चिंता का कारण बन रही है।
कारोबारी राकेश गुप्ता के मुताबिक, महंगाई का असर केवल इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑटो सेक्टर भी इससे प्रभावित हुआ है। प्रमुख कंपनियों की एसयूवी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
फेडरेशन ऑफ उद्योग व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल ने बताया कि कुछ दुकानों पर पुरानी कीमतों वाला स्टॉक उपलब्ध हो सकता है, लेकिन नई खेप पर बढ़ी हुई कीमतें लागू हो चुकी हैं। कारोबारियों को आशंका है कि कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर धनतेरस और दिवाली के दौरान होने वाली बिक्री पर पड़ सकता है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0