कुल्लू से पांगी जा रही 15 यात्रियों से भरी टैक्सी उदयपुर–किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास मलबे में दबी; बचाव अभियान जारी
कुल्लू से पांगी जा रही 15 यात्रियों से भरी टैक्सी उदयपुर–किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास मलबे में दबी; बचाव अभियान जारी
खबर खास | शिमला
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को हुए एक बड़े भूस्खलन में 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसा उदयपुर–किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास हुआ, जहां पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया और यात्रियों से भरी टैक्सी मलबे के नीचे दब गई।
जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो टैक्सी (HP-01M-2210) कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी और उसमें 15 यात्री सवार थे। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने के कारण वाहन पूरी तरह दब गया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 13 यात्रियों की जान चली गई, जिनमें छह महीने का एक मासूम भी शामिल है।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस थाना, जिला प्रशासन और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, उदयपुर–किलाड़ सड़क पर एक दिन पहले भी भूस्खलन के कारण यातायात बंद था। इसके चलते यात्रियों को तिंदी में रात बितानी पड़ी थी। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद टैक्सी ने पांगी की ओर अपना सफर दोबारा शुरू किया। लेकिन कडू नाला के पास अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और टैक्सी भारी मलबे में दब गई।
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया और इसे पूरे राज्य को झकझोर देने वाली हृदयविदारक घटना बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
डॉ. जनक राज ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद से वह चंबा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को प्रशासन के साथ समन्वय कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0