नगर निगम बटाला 95.72 करोड़ रुपये और मंडी बोर्ड 16.05 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च करेगा, लोक निर्माण विभाग द्वारा 65.09 करोड़ रुपये सड़कों के निर्माण पर खर्च किए जाएंगे- मुख्यमंत्री
कहा, बटाला क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 42.56 करोड़ रुपये और मंडी बोर्ड द्वारा 34.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
खबर खास, बटाला :
सीएम भगवंत सिंह मान ने आज, गुरुवार को बटाला के कायाकल्प के लिए 177 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषाणा की।
उन्होंने बटाला के लिए नगर निगम द्वारा 95.72 करोड़ रुपये के विकास कार्य किये जाएंगे, मंडी बोर्ड द्वारा 16.05 करोड़ रुपये के विकास कार्य और लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के निर्माण पर 65.09 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। इसके अलावा सड़कों के नवीनीकरण पर मंडी बोर्ड 42.56 करोड़ रुपये जबकि लोक निर्माण विभाग 34.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बटाला हलके में चार नए पुल बनेंगे और नई पुलिस लाइन के लिए 14.81 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पारंपरिक पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां आम लोगों से दूर हो गई थीं जिसकी वजह से लोगों ने इन्हें खारिज कर दिया जबकि उनकी सरकार शासन प्रदान करने और जवाबदेही के सम्मिलन के साथ आगे बढ़ रही है।
मान ने कहा, ‘अकालियों ने जानबूझकर बेअदबी के खिलाफ कमजोर कानून बनाया था ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घिनौने अपराध के दोषियों को उनके पापों की सजा न मिले।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने जगत जोति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित किया है, जिसमें बेअदबी के लिए कठोर सजा का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह कानून अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा, ‘अब इस अक्षम्य अपराध में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा और बाकियों के लिए अनुकरणीय कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हर सिख के पिता हैं और प्रांत सरकार इस पवित्र ग्रंथ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’
अकाली दल की तथाकथित ‘बचाओ यात्रा’ पर व्यंग्य करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अकाली दल की इस यात्रा का असली नाम ‘परिवार बचाओ यात्रा’ है क्योंकि यह सारा प्रयास उनके पारिवारिक हितों की रक्षा के लिए है।’ मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘हर कोई जानता है कि यह परिवार अंग्रेजों का पिठ्ठू था और देश के लिए लड़ने वाले देशभक्तों के खिलाफ साजिशें रचने के बदले उन्होंने इस परिवार को सर की उपाधि दी थी।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं ने प्रांत के नौजवानों को बर्बाद करने के लिए गोलियों और फिर नशीले पदार्थों (चिट्टे) का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को कभी माफ नहीं किया जा सकता। मान ने कहा, ‘इन नेताओं के पाप माफी योग्य नहीं हैं और उन्हें उनके बुरे कामों के लिए लोग कभी माफ नहीं कर सकते, जो लोगों के मनों में आज भी ताजा हैं।’ उन्होंने इन्हें अवसरवादी नेता बताया जो अपनी सुविधा और निजी राजनीतिक हितों के अनुसार गिरगिट की तरह अपने रंग बदलते हैं। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी में भी लोगों की भारी भीड़ प्रांत सरकार के प्रति लोगों के समर्थन को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली नेता सुखबीर बादल ऐसे वादे कर रहे हैं जो कभी पूरे नहीं किए जा सकते और प्रांत में डायनासोरों की वापसी जैसे निराधार और तर्कहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान सत्ता पुनः हासिल करने के प्रति उनकी बेचौनी को दर्शाते हैं, लेकिन उन्हें कभी प्रांत की सत्ता हासिल नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि ये नेता सुबह ही उनके खिलाफ जहर उगलना शुरू कर देते हैं क्योंकि उनका असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रति परिवार ‘10 लाख रुपये का कैशलेस इलाज’प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत 30 लाख से अधिक लाभार्थियों को पहले ही स्वास्थ्य कार्ड मिल चुके हैं और 1.65 लाख लोग मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं।
मावां-धियां सतिकार योजना के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए 1500 रुपये और बाकी वर्गों की महिलाओं के लिए 1000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता सुनिश्चित की गई है।
मान देश के इकलौते सीएम, जो लोगों की भलाई के लिए कर रहे काम, बोले सिसोदिया
अपने संबोधन में वरिष्ठ ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘यह अत्यधिक गर्व और संतुष्टि की बात है कि भगवंत सिंह मान प्रांत के सबसे चहेते मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भगवंत सिंह मान देश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो लोगों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, जबकि बाकी सभी प्रांतों में ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो लालच या अपनी पार्टी के हितों की पूर्ति के लिए काम कर रहे हैं।’ मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।’ उन्होंने लोगों से अपने वोटों के सुचारू उपयोग करने की अपील की।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, वरिष्ठ ‘आप’ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Comments 0