टायर फटने से दिल्ली–पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित हुई एर्टिगा कई बार पलटी; बारात में शामिल होने जा रहे थे सभी युवक।
टायर फटने से दिल्ली–पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित हुई एर्टिगा कई बार पलटी; बारात में शामिल होने जा रहे थे सभी युवक।
खबर खास | जींद
हरियाणा के जींद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक एर्टिगा कार में सवार होकर उचाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की बारात में शामिल होने जा रहे थे।
यह हादसा दिल्ली–पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरोदा गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तीन से चार बार पलटी खाकर सड़क किनारे पड़े पाइपों से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उचाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने छातर गांव निवासी अंकुश और करसिंधु गांव निवासी दीपक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान छातर गांव के मनीष (23), अंकित (22), आशु (23) और काला (25) के रूप में हुई है। वहीं, तीन अन्य घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0